आरा। भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में डबल मर्डर से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। घटना नवादा थाना क्षेत्र के कतिरा मोहल्ले की बताई जाती है जहां सोमवार की सुबह में एक मकान में रह रहे बूढ़े रिटायर्ड प्रोफेसर दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक दंपति रिटायर्ड प्रोफेसर महेंद्र सिंह और उनकी पत्नी पुष्पा की हत्या धारदार हथियार से करने की आशंका जताई जा रही है। महेंद्र सिंह वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में राजनीति शास्त्र के पूर्व विभागाध्यक्ष थे। 7 साल पहले वे सेवानिवृत्त हुए थे। साथ ही साथ वे बीजेपी से जुड़े हुए भी थे और चुनाव भी लड़ चुके थे। वही उनकी पत्नी पुष्पा सिंह मनोविज्ञान की प्रोफेसर थी और महिला कॉलेज से रिटायर्ड हुई थी। हत्या के कारणों का फिलहाल अभी पता नहीं चल पाया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रोफेसर महेंद्र सिंह का शव डाइनिंग रूम में पड़ा हुआ था जब उनकी पत्नी का शव बेडरूम में पाया गया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि दोनो की हत्या सोमवार की सुबह या दोपहर में की गई है क्यों की खून के धब्बे पूरी तरह से सुख गए हैं।
जानकारी के अनुसार प्रोफेसर दंपति की तीन बिटिया है। प्रोफेसर दंपति सुधा डेयरी के बगल में बने फ्लैट में अकेले रहते थें। मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ में रह रही दंपति की एक बेटी सोमवार की सुबह से ही पिता को फोन कर रही थी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रहा था। तब शाम को उन्होंने एक रिश्तेदार को फोन किया। जब रिश्तेदार के लोग दंपति के घर पहुंचे तब जाकर हत्या की जानकारी मिली। जिसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना को दी गई। स्थानीय थाना घटनास्थल पहुंचकर तत्काल इसकी सूचना वरीय अधिकारी को दी। घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार और एसएसपी, आरा हिमांशु सहित तमाम वरीय पुलिस अफसर मौके पर पहुंचकर हत्या के कारणों में जुट गए है। फिलहाल अभी पुलिस हत्या को लेकर कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। पुलिस ने बताया की हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही हत्या में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।