- हर हर महावेद की जयघोष से भक्तिमय हुआ वातावरण
सासाराम। रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही भक्तों में भीड़ देखी गई। पौ फटते ही श्रद्धालु हाथों में जल लिए शिवालयों की ओर चल दिये। सुबह से ही मंदिरों में घण्टी की टनटनाहट एवं हर हर महावेद की जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। स्थानीय तकिया स्थित तिलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रात्रि 12 बजे के बाद से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों की लाइन लगनी शुरी हो गए। शिव को जलाभिषेक करने के लिए भक्तों को घण्टो लंबी लाइन में लगे रहे। दोपहर तक भक्तों की लाइन देखी गई। किसी ने जल से तो किसी ने दूध से जलाभिषेक कर भगवान भोले की पूजा अर्चना की। वही भक्तों ने पारंपरिक तरीके से भगवान शिव एवं शिवलिंग पर भांग, धतूरा, बेलपत्र, फूल चढ़ा कर धूप बत्ती एवं घी के दीपक जलाकर आरती उतारी गई।
मंदिर प्रबंधन के द्वारा बताया गया कि प्रत्येक वर्ष डेढ़ से दो लाख लोग इस मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। इस बार भी इतने ही लोगों द्वारा जलाभिषेक करने का अनुमान लगाया जा रहा है। वही जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के विशेष इंतेजाम किये गए है ताकि भक्तों को कोई परेशानी न हो। वही शहर के पूर्वी छोर स्थित एसपी जैन कॉलेज के समीप त्रिनेत्रा गुफा में भी भगवान शंकर की पूजा अर्चना बड़े ही धूम धाम एवं भक्ति भाव के साथ कि गई। त्रिनेत्र गुफा में भी जलाभिषेक के लिए भक्त सुबह से ही लाइन में लगे रहें। इसके अलावा पायलट बाबा धाम स्थित नवनिर्मित सोमनाथ के मंदिर में भी भव्य पूजा अर्चना की गई। वहां भी भक्त सुबह से ही जलाभिषेक करते दिखाई दिये। वही ताराचंडी के समीप सोनवागढ़ स्थित बुढ़वा महादेव में भी भक्तों की काफी भीड़ देखी गई। वहां भी दोपहर तक हज़ारों की संख्या में लोगों ने जलाभिषेक किया। वही शहर के शिवघाट, बड़की महादेव लश्करीगंज, महावीर मंदिर, काली स्थान स्थित शिवमंदिर सहित कई मंदिरों में महाशिवरात्रि पर भक्तों की भीड़ रही।