औरंगाबाद : सड़क हादसे में एक साईकल सवार किशोर की दर्दनाक मौत हो गयी। दरअसल यह घटना औरंगाबाद-हरिहरगंज मुख्य पथ स्थित अम्बा थाना क्षेत्र के परसावां मोड़ पर रविवार की है। जहां साईकल से सड़क पार करने के दौरान यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस ने किशोर को रौंद दिया। जिसके कारण घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक किशोर की पहचान गया जिले के छकरबन्धा थाना क्षेत्र के तार चूमा गांव निवासी कामेश्वर सिंह भोगता के 17 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार के रूप में कि गयी है। इस घटना के बाद परिजन दहाड़ मार रो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोर अम्बा थाना क्षेत्र के एक होटल में रहकर मजदूरी किया करता था। किशोर के गांव के ही कुछ दोस्त अगल-बगल को होटल में काम करते थे। होली में किशोर के दोस्तों को घर जाना था। परिवार का खर्च चलाने के लिए पैसा देने हेतु अपने दोस्तों से बात करने के लिए किशोर साइकिल से गया हुआ था। जहां से अपने दोस्तों को वह पैसा देकर साइकिल से होटल लौट रहा था। लेकिन जैसे ही परसावां के समीप सड़क पार कर रहा था तभी एक यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस ने उसे रौंद दिया। जिसके कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
वहीं इस घटना के बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गई। जिसके बाद आनन-फानन में परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और आवेश में आकर ग्रामीण एवं परिजनों ने मुआवजे के लिए सड़क जाम किया। करीब पांच घंटे तक सड़क भीषण जाम रहा। इस दौरान यात्रियों एवं वाहनों का आवागमन भी बाधित रहा। जिसके बाद इसकी सूचना अम्बा थाना को दी गई।
सूचना मिलते ही अंबा थानाध्यक्ष रमेश प्रसाद अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मुआवजे के लिए सड़क जाम कर रखें लोगों को किसी तरह समझा-बुझाकर वहां से हटाया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। जहां से पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद से परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार चलाने वाला चिराग बुझ गया।