औरंगाबाद। आज शनिवार से नहाय खाय के साथ आस्था का महापर्व चैती छठ की शुरूआत हो गई। आज शाम छह बजे देव सूर्यकुंड तालाब पर सूर्य सह गंगा आरती किया जाएगा। इस दौरान तालाब पर 5100 दीप जलाए जाएंगे। इस महाआरती में देव समेत आसपास सैकड़ों लोग शामिल होंगे। इसके साथ-साथ जिला प्रशासन के आला अधिकारी समेत जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
सूर्य सह गंगा आरती का आयोजन देव सूर्य नारायण सेवा समिति द्वारा कराया जा रहा है। समिति के मनीष पाठक, नगर अध्यक्ष पिंटू साहिल, दीपक सिंह, आलोक सिंह, अनूप गुप्ता, दिलीप राज, सतनारायण सिंह ने बताया कि सूर्य सह गंगा आरती की तैयारी पूरी कर ली गई है। बक्सर से गंगाजल मंगाया जा रहा है। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि गंगा आरती में काफी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
भगवान सूर्य की उपासना के लिए ऐतिहासिक सूर्य कुंड का छठ घाट विख्यात है। इस वर्ष भव्यता के साथ छठ पर्व मनाया जाएगा। गंगा आरती में वाराणसी से ब्राह्मणों को बुलाया गया है। चैत एवं कार्तिक में छठ करने कई राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। यहां के सूर्यकुंड तालाब का विशेष महत्व है। यहां आकर छठ पर्व करने वाले श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है।