सासाराम। रोहतास जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र में एक पेड़ से लडकी महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना दरिगांव थाना क्षेत्र के सोनगांवा गांव की बताई जाती है। जहां रविवार की सुबह पेड़ से लटकी एक महिला का शव देखा गया। घटना की तत्काल सूचना स्थानीय थाने को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृत महिला की पहचान 32 वर्षीय सीमा देवी के रूप में हुई है, जो झारखंड राज्य अन्तर्गत डाल्टनगंज के जम्बला गांव निवासी अजय कुमार की पत्नी बताई जाती है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों पति पत्नी दरिगांव थाना क्षेत्र के एक ईट भट्ठा में मजदूरी का कार्य करते हैं। बताया जाता है कि शनिवार की रात पति पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद के कुछ देर बाद महिला अपनी झोपड़ी के बाहर चली गई। पति ने समझा की वह शौच करने के लिए गई होगी। देर रात तक पत्नी नहीं लौटी तो पति अपनी पत्नी की खोज बिन करनी शुरू कर दी। सुबह में जानकारी मिली कि एक महिला का शव पेड़ पर लटका हुआ है। पति अजय कुमार जब वहां पहुंचा तो अपनी पत्नी को पेड़ से लटके हुए देखा जो मरी पड़ी थी। घटना की जानकारी देते हुए दरिगांव थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का मामला लगता है। उन्होंने बताया कि पति पत्नी के बीच में शनिवार की रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। संभवतः उसी विवाद के कारण उक्त महिला ने यह कदम उठाया होगा। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करने के लिए सासाराम भेज दिया गया है साथ ही साथ मामले की जांच चल रही है।